ये जीन तय करता है लोगों की बुद्धि‍मानी

ये जीन तय करता है लोगों की बुद्धि‍मानी

सेहतराग टीम

दुनिया में हर व्‍यक्ति दूसरे से कम या अधिक बुद्धिमान होता है। क्‍या आप जानते हैं कि ऐसा क्‍यों होता है। वैज्ञानिक वर्षों से यह पता करने की कोशिश करते रहे हैं कि आखिर लोगों की समझदारी निर्धारित करने वाले कारक कौन से हैं। अब ये गुत्‍थी सुलझती दिख रही है। दरअसल वैज्ञानिकों ने दुनियाभर के करीब ढाई लाख लोगों के डीएनए की तुलना करके पांच सौ से अधिक ऐसे जीन यानी गुणसूत्रों की पहचान की है जिनका संबंध बुद्धिमता से है।

‘मॉलिक्यूलर साइकियाट्री’ में प्रकाशित एक अनुसंधान में लोगों की बौद्धिक क्षमता में अंतर में जीन की भूमिका पर नई रोशनी डाली गई है।

अमेरिका के हार्वर्ड विश्वविद्यालय, एडिनबर्ग विश्वविद्यालय और साउथेम्पटन विश्वविद्यालय के अनुसंधानकर्ताओं ने ऐसे 538 जीन की पहचान की है जिनकी बौद्धिक क्षमता में भूमिका होती है। इन वैज्ञान‍िकों ने मानव जीनोम में ऐसे 187 क्षेत्रों की भी पहचान की है जो सोच- विचार करने की क्षमता से संबंधित है।

अनुसंधानकर्ताओं ने कहा कि बुद्धिमता से जुड़े जीन के बारे में पाया गया है कि वे अन्य जैविक प्रक्रियाओं को भी प्रभावित करते हैं। वैज्ञानिकों ने पाया कि बौद्धिक क्षमता से जुड़े कुछ जीन का संबंध लंबी आयु से भी है।
एडिनबर्ग यूनिवर्सिटी के डेविड हिल ने कहा, ‘हमारे शोध में बड़ी संख्या में ऐसे जीन की पहचान हुई है जिनका संबंध बौद्धिक क्षमता से है।’ 

यानी अगली बार यदि आप किसी बच्‍चे को दूसरे बच्‍चे से अधिक समझदार पाएं तो उसके लिए उसके लालन-पालन के साथ-साथ उसके डीएनए को भी जिम्‍मेदार ठहरा सकते हैं।

Disclaimer: sehatraag.com पर दी गई हर जानकारी सिर्फ पाठकों के ज्ञानवर्धन के लिए है। किसी भी बीमारी या स्वास्थ्य संबंधी समस्या के इलाज के लिए कृपया अपने डॉक्टर की सलाह पर ही भरोसा करें। sehatraag.com पर प्रकाशित किसी आलेख के अाधार पर अपना इलाज खुद करने पर किसी भी नुकसान की जिम्मेदारी संबंधित व्यक्ति की ही होगी।